दुर्ग। मोहल्ले में ज्यादा दोस्ती यारी करने की बात को लेकर हुए विवाद में दो पक्ष के बीच मारपीट हो गई। दोनों पक्षों की शिकायत पर मोहन नगर पुलिस ने 118(1), 296, 3(5),351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया फिजा बानो धमधा नाका कैलाश नगर निवासी है
20 अगस्त की शाम को 6:00 बजे उसे पता चला कि उसके भाई फिरोज खान के साथ कुछ लड़के मारपीट किए हैं जो धमधा नाका जामुल अस्पताल के पास उड़िया बस्ती में पड़ा हुआ है। इस पर फिजा अपनी मां राबिया बानो को साथ में लेकर घटना स्थल पर पहुंची। वहां उसका भाई फिरोज खान रोड के किनारे पड़ा हुआ था। उसके पैर में व अन्य हिस्सों में चोटे थी। पूछने पर फिरोज ने बताया था कि शाम को संतोषी मंदिर तालाब के पास वह बैठा हुआ था। उसी समय आरोपी अनुज मरकाम, कालू मरकाम, मन्नत ताण्डी एवं उसका दोस्त आए और कहा कि तेरा मोहल्ले में ज्यादा दोस्ती यारी हो रहा है कह कर गाली गलौज करने लगे। जब प्रार्थी ने गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ मुक्के एवं धारदार चाकू से वार कर दिया जिससे फिरोज को चोटे आई थी। घर वाले उसे तुरंत जिला अस्पताल दुर्ग लेकर गए वहां पर उचित इलाज के लिए उसे रायपुर मेकाहारा अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया है।
वहीं दूसरे पक्ष की ओर से मन्नत ताण्डी उर्फ मुनमुन ने शिकायत दर्ज कराई है कि वह कैलाश नगर दुर्ग में रहता है और कैफे में मजदूरी का काम करता है। 20 अगस्त की शाम को वह संतोषी मंदिर तालाब के पास बैठा था उसी समय आरोपी जय सिका और फिरोज खान साथ में आए और कहा कि तेरी बाहर के लड़कों से ज्यादा दोस्ती यारी हो रही है कह कर गाली गलौज करने लगे मना करने पर आरोपियों ने हाथ मुक्के एवं धारदार वस्तु से वार किया इससे प्रार्थी को चोटें आई थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।