दुर्ग। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में चोरी और लूट जैसी घटनाओं का सिलसिला थमता नजर नहीं आ रहा है। ताजा मामले में न्यू आदर्श नगर में मकान का ताला तोड़कर अज्ञात चोर करीब 4.90 लाख रुपए का माल पार कर ले गए। लगातार सामने आ रही वारदातों के बीच अब थाना पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

FIR के मुताबिक, मकान में रहने वाला परिवार 4 अक्टूबर को पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गांव गया था। इसी दौरान 4 और 5 अक्टूबर की दरम्यानी रात चोरों ने मकान का ताला तोड़कर 85 हजार रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवर और एक्टिवा चोरी कर ली। मकान मालकिन के घर से भी 1.25 लाख रुपए नकद और चांदी के जेवर चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई गई है।
पद्मनाभपुर क्षेत्र में इससे पहले भी दिनदहाड़े चेन स्नैचिंग और लूट जैसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि लगातार वारदातों के बावजूद बदमाशों में पुलिस का खौफ क्यों नजर नहीं आ रहा?
वहीं क्राइम ब्रांच भी लगातार फेल नजर आ रही है, ऐसी चर्चा पुलिस महकमे में है। सूत्रों का दावा है कि क्राइम ब्रांच के स्टाफ में बदलाव की जरूरत महसूस की जा रही है। हालांकि यह सूत्रों की जानकारी है, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।

सबसे अहम सवाल यह है कि जब पद्मनाभपुर जैसे इलाके में लगातार आपराधिक घटनाएं सामने आ रही हैं, तो पुलिस की पेट्रोलिंग, स्थानीय थाना स्तर की निगरानी और क्राइम ब्रांच की सक्रियता को लेकर जिम्मेदारी आखिर किसकी तय होगी?

खास बात यह भी है कि कैबिनेट मंत्री गजेंद्र यादव का दुर्ग शहर में निवास है। ऐसे में शहर के इस हिस्से में लगातार हो रही वारदातें कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।