दुर्ग। स्व सहायता समूह में निवेश का झांसा देकर महिलाओं से लोन निकलवा कर रकम हड़पने वाली महिला को जामुल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने लगभग 15 लाख रुपए की धोखाधड़ी की शिकायत पर अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया था। आरोपिया के पास से लोन कार्ड, बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, मजदूर कार्ड एवं आधार कार्ड जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थिया श्रीमती त्रिवेणी साहू निवासी कुरूद ने शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम कुरूद निवासी विद्या साहू द्वारा महिलाओं को स्व सहायता समूह में निवेश कर लाभ कमाने का लालच दिया गया है। आरोपिया द्वारा महिलाओं से मुद्रा लोन एवं पर्सनल लोन निकलवा कर लोन की रकम स्वयं प्राप्त कर उपयोग कर रही है। आरोपिया ने हितग्राहियों के एटीएम कार्ड एवं पासबुक अपने पास रख लिए हैं।इस तरह लगभग 15 लख रुपए के धोखाधड़ी की गई है। शिकायत के बाद पुलिस ने आरोपिया के खिलाफ धारा 318 (4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच में लिया था। 20 अगस्त को पुलिस ने आरोपिया विद्या साहू 33 वर्ष निवासी भाठापारा बाजार चौक ग्राम कुरूद थाना जामुल को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि महिलाओं से लोन निकलवा कर रकम स्वयं प्राप्त कर उसने खर्च कर दिया है।