दुर्ग। उतई स्थित सीआईएसएफ आरटीसी में पदस्थ प्रधान आरक्षक रहस्यमय ढंग से लापता हो गया है। अपहरण की आशंका व्यक्त करते हुए उतई थाना में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि उतई में पदस्थ प्रधान आरक्षक आकाशदीप शर्मा 17 अगस्त से रहस्यमय ढंग से लापता हो गया है। वह ड्यूटी पर उपस्थित होने के बाद बैरक से बिना बताए कहीं चला गया और अब तक उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। उतई पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 140(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है। पुलिस ने बताया कि सीआईएसफ आरटीसी के रिजर्व इंस्पेक्टर ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है कि प्रधान आरक्षक आकाशदीप शर्मा 29 वर्ष उतई में पदस्थ था। 17 अगस्त को आकाशदीप की सामान्य पारी में ड्यूटी थी लेकिन वह उपस्थित नहीं हुआ था। वह बैरक से भी बिना किसी को बताए चला गया। ड्यूटी पर नहीं पहुंचने के बाद आसपास तलाश की गई और रिश्तेदारों से भी संपर्क किया गया, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया है। किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा आकाशदीप को अपने पास रख लेने की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस जांच में जुटी है।