दुर्ग। पुलिस आरक्षक की नौकरी लगाने के नाम पर 12 लाख रुपए की ठगी करने वाले दो आरोपी को उतई पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वर्ष 2023 में पुलिस आरक्षक के पद पर भर्ती करने का झांसा देकर प्रार्थी के पुत्र से 12 लाख रुपए ले लिए थे। रकम लेने के बाद नौकरी नहीं लगाई और राशि भी वापस नहीं की थी।
पुलिस ने बताया कि पुलिस आरक्षक के पद पर नौकरी लगाने के नाम पर 12 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। प्रार्थी गैंद लाल बंछोर निवासी शास्त्री चौक ग्राम सेलूद थाना उतई ने लिखित शिकायत की थी कि आरोपी उमेश दास मानिकपुरी निवासी ग्राम अतरिया जिला बेमेतरा द्वारा वर्ष 2023 में उसके पुत्र विकास बंछोर को पुलिस आरक्षक के पद पर भर्ती करने का झांसा दिया गया था। नौकरी लगवाने के नाम पर कुल 12 लाख रुपए ले लिए गए थे। इसके बाद नौकरी नहीं लगाई गई थी और रकम भी वापस नहीं की गई थी। जांच के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए लगातार दबिश देकर आरोपी उमेश दास मानिकपुर निवासी ग्राम अतरिया जिला बेमेतरा तथा राजेश वर्मा निवासी पत्रकार कॉलोनी रिंग रोड वार्ड नंबर 19 सिविल लाइन बिलासपुर को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से संबंधित बैंक खाता एवं मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। दोनों आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया है।