दुर्ग। अपने मौसेरे भाई के घर पूजा कार्यक्रम में जाना प्रार्थी को भारी पड़ गया। मौके का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी ने घर का ताला तोड़कर अलग-अलग अलमारी में रखें लाखों रुपए के सोने चांदी के जेवरात एवं रकम की चोरी कर ली। प्रार्थी की शिकायत पर पदमनाभपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305 ए, 331 (4 )के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी आदित्य सोनी बोरसी शिव मंदिर के पास मेन रोड पर श्री राधे मोबाइल दुकान चलाता है। 15 अगस्त की शाम को 6:00 बजे वह अपने मौसेरे भाई भूपेंद्र सोनी के यहां बोरसी पंचशील सेक्टर में पूजा कार्यक्रम में शामिल होने परिवार सहित गया हुआ था।पूजा कार्यक्रम संपन्न होने के बाद रात 11:00 बजे घर आया तो देखा मेन दरवाजे का ताला टूटा हुआ था
अंदर जाकर देखा तो उसकी मां के कमरे में रखे अलमारी का सामान बिखरा पड़ा था। ताला तोड़कर आरोपी ने सोने के कान के टॉप्स तीन सेट, एक नग सोने की चेन, 3 नग सोने पेंडेट, दोनों कान के सोने के सपोर्टर चैन, चांदी की पायल 6 जोड़ी, 12 जोड़ी चांदी के बिछिया, उसकी भाभी मोहनी सोनी के कमरे की अलमारी का ताला तोड़कर दो सोने के नेकलेस, एक नग सोने की नथनी, सोने का टीका 5 नग, नाक की कील दो नग, सोने के झुमके एक जोड़ी, कड़ा चांदी का, दो जोड़ी पायल चांदी की, चांदी की 40 जोड़ी बिछिया, उसकी भतीजी वृंदा सोनी के कमरे से एक सोने की रिंग, दो सोने का लॉकेट, चार जोड़ी चांदी की पायल, चार नग बच्चों का कड़ा आदि सहित उसकी मां एवं भाभी के कमरे से नगदी रकम 90000 रुपए की अज्ञात आरोपी ने चोरी कर लिया। शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।