लक्ष्मी मार्केट के गोदाम से AC कॉपर वायर चोरी का खुलासा, आरोपी सहित नाबालिग पकड़ा गया

सुपेला पुलिस की कार्रवाई, झाड़ियों में छिपाकर रखा चोरी का कॉपर वायर बरामद
दुर्ग के सुपेला थाना क्षेत्र स्थित लक्ष्मी मार्केट के एक गोदाम से ए.सी. का कॉपर वायर चोरी करने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। सुपेला पुलिस ने मामले में 19 वर्षीय आरोपी आकाश पाल को गिरफ्तार किया है, जबकि एक विधि से संघर्षरत बालक को भी पकड़ा गया है।
पुलिस के मुताबिक 24 जुलाई को गोदाम के पीछे का शटर टूटा मिलने और ए.सी. का कॉपर वायर गायब होने की शिकायत पर अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। विवेचना के दौरान 18 अगस्त को मुखबिर से सूचना मिली कि दो युवक आकाशगंगा मार्केट के पास चोरी का कॉपर वायर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया। पूछताछ में उन्होंने 22 जुलाई की रात गोदाम के पीछे से शटर उठाकर अंदर प्रवेश करने और कॉपर वायर चोरी करने की बात बताई। आरोपियों की निशानदेही पर लाल मैदान, फरीद नगर के पास झाड़ियों के पीछे छिपाकर रखा चोरी का कॉपर वायर बरामद किया गया।
पुलिस ने आरोपी आकाश पाल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है, जबकि विधि से संघर्षरत बालक को नियमानुसार किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
कार्रवाई में थाना सुपेला प्रभारी निरीक्षक एस.एन. सिंह, उप निरीक्षक गंगा रावत सहित आरक्षक सूर्य प्रताप सिंह, दुर्गेश सिंह राजपूत और प्रदीप सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *