दुर्ग में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने यातायात पुलिस का अभियान लगातार जारी है। पुलिस उपमहानिरीक्षक/वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दुर्ग श्री विजय अग्रवाल के निर्देश पर यातायात पुलिस, थाना सुपेला एवं थाना छावनी क्षेत्र में नेशनल हाईवे, सर्विस रोड और प्रमुख बाजार क्षेत्रों में कार्रवाई की जा रही है।
अभियान के दौरान सड़क एवं सर्विस रोड पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के वाहन हटाए जा रहे हैं और नो-पार्किंग में ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है। वहीं नगर निगम के सहयोग से दुकानों के सामने सड़क पर रखे सामान और अतिक्रमण हटाकर मार्ग को यातायात के लिए बाधामुक्त किया जा रहा है।
सार्वजनिक मार्ग पर अवरोध उत्पन्न करने के मामलों में BNS की धारा 152 के तहत 9 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें 6 व्यक्ति तथा ब्रिज के नीचे कंडम वाहन खड़ा कर मार्ग बाधित करने वाले 3 वाहन मालिक शामिल हैं।
यातायात पुलिस ने व्यापारियों और आम नागरिकों से अपील की है कि सड़क अथवा सर्विस रोड पर वाहन खड़ा न करें और दुकानों के सामने सामान रखकर यातायात बाधित न करें।
यातायात पुलिस की दो टूक—सड़क सार्वजनिक आवागमन के लिए है, अतिक्रमण और अवरोध के लिए नहीं। नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
