दुर्ग। ग्राम गुढियारी स्थित सोलर प्लांट निर्माण स्थल पर काम बंद कराने की धमकी देकर पिस्टल से फायरिंग करने वाले आरोपी को जामगांव (आर) पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी अविचल अग्रवाल (52), निवासी टैगोर नगर रायपुर के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार 16 अगस्त को आरोपी अपने साथियों के साथ वाहन से सोलर प्लांट पहुंचा और निर्माण कार्य बंद करने की धमकी दी। विवाद के दौरान पिस्टल से फायरिंग कर कर्मचारियों और जमीन मालिक को धमकाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए देर रात आरोपी को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से दो दिन का पुलिस रिमांड मिला है। मामले में धारा 109(1) BNS के तहत कार्रवाई कर आगे की जांच जारी है।
