दुर्ग। पीपी यार्ड चरोदा भिलाई में रेलवे ठेकेदार से नया ठेका देने और पुराने बिल पास करने के बदले 50000 रुपए की रिश्वत ले रहे आरोपी पी पी यार्ड भिलाई के सीनियर डीएमई अनमोल उईके और ठेकेदार दीपक वर्मा को सीबीआई टीम अपने साथ पूछताछ के लिए रायपुर लेकर गई है। सीबीआई टीम अपने साथ कई दस्तावेज, मोबाइल, लैपटॉप और डिजिटल सबूत भी लेकर गई है। इसके बाद आरोपी को रायपुर में सीबीआई की स्पेशल कोर्ट में पेश किया गया है। कोर्ट ने आरोपी को सीबीआई रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी से 17 जुलाई तक पूछताछ की जाएगी। ठेकेदार से रिश्वत मांगने की शिकायत मिलने के बाद सीबीआई की टीम ने सीनियर डिविजनल मेकेनिकल इंजीनियर अनमोल उईके के कार्यालय मे गुरुवार की शाम को छापा मारा था। इस टीम में 10 अधिकारी शामिल थे।
जानकारी के मुताबिक अनमोल उईके पर आरोप था कि वह रेलवे ठेकेदार से नया ठेका देने और पुराने बिल पास करने के बदले 50000 रुपए रिश्वत मांगी थी। इस मामले में सीबीआई ने पहले शिकायत की जांच की। इसके बाद सीबीआई अधिकारियों ने ठेकेदार दीपक वर्मा को केमिकल लगे नोटों से भरा लिफाफा लेकर अफसर के पास भेजा था। जैसे ही अनमोल उईके ने लिफाफा लिया तभी सीबीआई की टीम ने तुरंत कार्यालय में दबिश दी और उसे रंगे हाथ पकड़ा। शिकायत सही मिलने के बाद टीम ने कार्रवाई की है। टीम के अधिकारियों ने अनमोल उईके से लगातार पूछताछ की। यह कार्रवाई शुक्रवार दोपहर तक चली
टीम ने कार्यालय से मिले दस्तावेज और डिजिटल सामान की जांच की। इसके बाद रायपुर की डब्ल्यू आर एस कॉलोनी स्थित उनके घर की भी टीम ने जांच की थी।