सेवानिवृत बीएसपी कर्मचारी से ऑनलाइन ट्रेडिंग में निवेश के नाम पर 45.18 लाख रुपए की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने बैतूल मध्य प्रदेश से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। फेसबुक पर ऑनलाइन ट्रेडिंग में अधिक लाभ का झांसा देकर सेवानिवृत बीएसपी कर्मचारी से विभिन्न बैंक खातों में 45,18,998 रुपए जमा कराए गए थे। आरोपियों ने पंजीयन शुल्क, ट्रेडिंग निवेश, मार्जिन राशि, क्रॉस बॉर्डर ट्रांजैक्शन एवं टैक्स के नाम पर लगातार राशि जमा कराई थी। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, बैंकिंग ट्रांजैक्शन एवं उपलब्ध डिजिटल जानकारी के विश्लेषण के आधार पर आरोपी विशाल नागले 24 वर्ष निवासी बैतूल मध्य प्रदेश की पहचान कर बैतूल से गिरफ्तार की है। आरोपी के कब्जे से बैंक की चेक बुक, आधार कार्ड, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन जब्त किया गया है।
पुलिस ने बताया कि बीएसपी कर्मचारी ने 10 मार्च 2026 को फेसबुक पर ऑनलाइन ट्रेडिंग एवं निवेश संबंधी विज्ञापन देखा था और संपर्क करने वाले व्यक्तियों द्वारा स्वयं को निवेश एवं ऑनलाइन ट्रेडिंग से संबंधित संस्था का प्रतिनिधि बता कर अधिक लाभ का लालच दिया था।आरोपियों द्वारा प्रार्थी से पंजीयन शुल्क, ट्रेडिंग निवेश एवं मार्जिन राशि सहित अन्य शुल्क के नाम पर विभिन्न तिथियों में अलग-अलग बैंक खातों में ऑनलाइन राशि जमा कराई गई थी। प्रार्थी की शिकायत पर भिलाई नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 318 (4 )के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया था। आरोपी को बैतूल मध्य प्रदेश से गिरफ्तार किया है।