बर्फानी बाबा के दर्शन को निकले बाइक सवार युवती की मौत

दुर्ग। राजनांदगांव स्थित बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रायपुर से निकले बाइक सवारों का दल दुर्ग बायपास मार्ग पर हादसे का शिकार हो गया। अंजोरा चौकी क्षेत्र में आशीर्वाद बार के सामने एक बाइक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक के पीछे बैठी 21 वर्षीय युवती सना निहाल गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।। वहीं बाइक चला रहा युवक भी घायल हुआ है।

अंजोरा चौकी प्रभारी चंद्रशेखर सोनी ने बताया कि रायपुर से कुछ लोग 10 अगस्त को दो बाइकों से राजनांदगांव स्थित बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए निकले थे। सभी दुर्ग बायपास के रास्ते राजनांदगांव जा रहे थे। आगे चल रही बाइक में डिगेश्वर साहू बाइक चला रहा था, जबकि सना निहाल पीछे बैठी थी।
रास्ते में डिगेश्वर ने बाइक की गति धीमी की और पीछे चल रहे अपने साथियों की ओर मुड़कर देखने लगा। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित हो गई और आशीर्वाद बार के सामने सड़क से नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दोनों घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां इलाज के दौरान सना निहाल ने दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना के बाद अंजोरा पुलिस ने मामले को दर्ज कर लिया है और जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *