दुर्ग। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पालिक निगम दुर्ग द्वारा ‘हर घर तिरंगा यात्रा’ का आयोजन किया गया। यात्रा में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, भाजपा युवा मोर्चा के साथियों सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठन, विद्यार्थी और शहरवासी शामिल हुए।
हाथों में तिरंगा लेकर लोगों ने देशभक्ति के नारों के साथ यात्रा में सहभागिता की।

यात्रा के दौरान पटेल चौक से रैली निकलने के बाद आने-जाने वाले वाहनों को कई घंटे तक रोका गया, जिसके चलते मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था प्रभावित रही। सड़क पर वाहनों की आवाजाही रुकने से लोगों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा और यातायात का दबाव बढ़ गया।

स्थिति को देखते हुए यातायात प्रभारी एवं यातायात पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाली और कुछ देर बाद रोड को क्लियर कराया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही सामान्य हो सकी।

तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम और तिरंगे के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी के चलते पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल नजर आया।
