दुर्ग। पुलगांव चौक में विवाद के बाद युवक को कार से पीछे से ठोकर मारकर काफी दूर तक घसीटने वाले आरोपी को पुलगांव पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ धारा 109(1) के तहत कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार किया और न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी ने पीड़ित को विवाद के बाद कार से पीछे से ठोकर मारी और काफी दूर तक घसीटते हुए लेकर गया था जिससे युवक के शरीर में गंभीर चोटे आई थी।।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी अपने मित्र भुवनेश्वर निषाद एवं हरि निषाद के साथ पुलगांव चौक स्थित पान ठेला के पास खड़ा हुआ था। इसी दौरान राजनांदगांव की ओर से तेज गति से आ रही कार सी जी 04 एच जे 9238 के चालक द्वारा मनीष गैरेज में कार्य करने वाले विजय वैष्णव को टक्कर मार दी थी। टक्कर लगने के बाद विजय वैष्णव एवं कार चालक के मध्य विवाद हुआ। कार चालक द्वारा वाहन से उतरकर विजय वैष्णव के साथ हाथ थप्पड़ से मारपीट कर धमकी दी। इसके बाद विजय वैष्णव जब पैदल ही पोटिया की ओर जाने लगा तब कार चालक उसे धमकी देते हुए कहा कि रुक जा आज तुझे बताता हूं, यह कहकर आरोपी ने कार में बैठकर उसका पीछा किया और उसे जमकर टक्कर मार दी। इसके बाद घसीटते हुए काफी दूर तक ले गया। जब पीड़ित के मित्रों द्वारा वाहन रोकने का प्रयास किया तब कार चालक वाहन रोकने के बजाय तेजी से फरार हो गया। लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी वाहन स्वामी अजय कुमार गारुडीक निवासी बमलेश्वरी कॉलोनी नर नारायण मंदिर के पास बोरसी थाना पद्मनाभपुर को वाहन सहित पकड़ा है। आरोपी का जिला अस्पताल दुर्ग में चिकित्सकीय प्रशिक्षण कराया गया जिसमें चिकित्सक द्वारा शराब सेवन किए जाने का उल्लेख किया गया है।