दुर्ग। मोहन नगर थाना अंतर्गत उरला निवासी एक बालक ने अपने घर में मंगलवार की सुबह फांसी लगाकर जान दे दी। परिवार वालों ने उसे उतार कर जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल के मर्चुरी में रख दिया है और जांच में जुटी हुई है।
जानकारी के मुताबिक लगभग 16 वर्षीय पुष्कर चौधरी पिता शिवा चौधरी मालवीय नगर स्थित सरस्वती विद्यापीठ में कक्षा 12वीं का छात्र था। मंगलवार की सुबह घर में वह अकेला था। उसकी मां काम पर चली गई थी। बहन ट्यूशन गई हुई थी। उसके पिता अपनी कपड़े प्रेस की दुकान पर चले गए थे। जाते समय उन्होंने पुष्कर से कहा था कि खाना बनाकर रखना। सुबह लगभग 11:00 घर में वह अकेला था। उसकी बहन ट्यूशन पढ़कर घर आई तो उसने दरवाजा खटखटाया परंतु अंदर से किसी तरह की आवाज नहीं आई। इस पर मृतक की बहन ने पड़ोसी के मोबाइल से अपने पिता एवं माता को फोन पर इस बात की जानकारी दी। परिवार वाले तुरंत घर पहुंचे। खिड़की से देखा तो पुष्कर फांसी के फंदे पर लटका हुआ था। परिवार वालों ने किसी तरह दरवाजा खोलकर उसे नीचे उतारा और तुरंत जिला अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया था। मोहन नगर थाना प्रभारी केशव कोसले ने बताया कि युवक के पास किसी तरह का सुसाइडल नोट नहीं मिला है। मामले की जांच की जा रही है अभी शव को जिला अस्पताल के मर्चुरी में रख दिया है। परिवार वालों एवं दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।