दुर्ग। त्रयंबकेश्वर नासिक दर्शन करने जाना प्रार्थी को भारी पड़ गया। सुने आवास का फायदा उठाकर अज्ञात आरोपी ने घर का ताला तोड़कर सोने चांदी के जेवरात,मोबाइल, रकम आदि की चोरी कर ली। प्रार्थी की शिकायत पर पदमनाभपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305 ए, 331(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस के मुताबिक प्रार्थी प्रदीप कुमार साहू महाराणा प्रताप नगर बोरसी में संजय चंद्राकर के मकान में किराए से परिवार के साथ रहता है और वह ट्रांसपोर्ट का व्यवसाय करता है। 4 अगस्त को वह अपने परिवार के साथ त्रयंबकेश्वर नासिक दर्शन करने गया हुआ था। दर्शन करने के बाद 11 अगस्त की रात को जब वह वापस आया तो देखा मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। चोरी होने की आशंका होने पर प्रार्थी ने तुरंत डायल 112 टीम को फोन लगाया। टीम के सामने घर के अंदर प्रवेश किया तो देखा अलमारी का ताला टूटा हुआ था। लॉकर में रखे चांदी का पूजा सिक्का, चांदी की वस्तुएं, पैर की पायल, कमर पट्टी लगभग आधा किलो वजन की, बिना सिम का दो पुराना मोबाइल, उसकी बेटी के कमरे के अलमारी के लॉकर का ताला तोड़कर नाक के नोज पिन 3 नग, 1 नग सोने का लॉकेट,एक सोने का तार, सोने की अन्य वस्तुएं तथा नगदी रकम लगभग 8000 रुपए की अज्ञात आरोपी ने चोरी कर ली थी।