ड्यूटी जा रहे लोगों को रोककर लूटपाट, 48 घंटे में 3 आरोपी गिरफ्तार

ड्यूटी जा रहे व्यक्ति के साथ मारपीट कर रकम रखे बैग को लूट कर फरार होने वाले एवं एक ड्यूटी जा रहे युवक के साथ मारपीट करने वाले मामले में अंजोरा एवं पुलगांव पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 48 घंटे के भीतर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों के पास से केटीएम बाइक, चाकू एवं पीड़ित को चोट पहुंचाने में इस्तेमाल बेसबॉल बैट को जब्त किया गया है। तीनों आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।
पुलिस ने बताया कि 6 अगस्त की सुबह कोटनी अंडर ब्रिज एवं रसमड़ा के पास राहगीरों को रोककर मारपीट, गाली गलौज एवं झपटमारी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। 6 अगस्त की सुबह लगभग 5:45 से 6:10 बजे के बीच सोना बेवरेज रसमड़ा ड्यूटी जा रहे प्रार्थी मुरलीधर सोनी एवं कुणाल कुमार के साथ अज्ञात बाइक सवार तीन लड़कों द्वारा रसमड़ा ओवर ब्रिज एवं कोटनी अंडर ब्रिज के पास रास्ता रोककर गाली गलौज एवं मारपीट तथा झपट मारी की घटना को अंजाम दिया गया था। प्रार्थी मुरलीधर सोनी 6 अगस्त की सुबह सोना बेवरेज रसमड़ा में ड्यूटी जाने के लिए अपनी गाड़ी मोटरसाइकिल सीजी 07 बम 9419 को लेकर जा रहे थे इस दौरान तीन लड़कों ने उन्हें रोक कर मारपीट की और बैग को झपटकर फरार हो गए थे। बैग में 3000 रुपए रखे हुए थे। इसी तरह प्रार्थी कुणाल कुमार एसबीपीएल सोना बेवरेज प्राइवेट लिमिटेड कंपनी रसमड़ा में ऑपरेटर का काम करता है। 6 अगस्त की सुबह वह अपनी मोटरसाइकिल सी जी 07 एल एल 0358 से ड्यूटी जा रहा था।इसी दौरान रसमड़ा ओवरब्रिज के पास तीन अज्ञात आरोपियों ने उन्हें रुकने का इशारा किए थे। जब वह नहीं रुका तो उसके साथ मारपीट की गई थी। पीड़ितों की शिकायत पर थाना पुलगांव में अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी गई थी।मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित कर अज्ञात आरोपियों की पतासाजी शुरू कर दी गई थी। पुलिस टीम द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों संदेहियों चिराग साहू उर्फ़ सावन साहू पिता गेंदालाल निवासी राजीव नगर, तरुण उर्फ प्रियांशु चंद्राकर निवासी गया नगर तथा आयुष निर्मलकर उर्फ योगेंद्र पिता महेंद्र निर्मलकर निवासी नयापारा नदी रोड को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। विवेचना एवं पूछताछ के दौरान आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज खंगाले गए थे। आरोपियों द्वारा चाकू एवं बेसबॉल बैट का इस्तेमाल कर डराने धमकाने चोट पहुंचाने एवं लूट के प्रयास में किया गया था। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों का थाना कोतवाली क्षेत्र में पूर्व से आपराधिक रिकार्ड रहा है। आरोपियों के पास से पुलिस ने एक धारदार चाकू, एक नग बेसबॉल बैट, 550 रुपए कैश, एक ब्लैक नारंगी रंग की बिना नंबर वाली केटीएम गाड़ी को जब्त किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *