दुर्ग। ड्यूटी जाने के लिए बस पकड़ने घर से पैदल जा रहे प्रार्थी के साथ गुरुवार की सुबह तीन अज्ञात आरोपियों ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर डंडे एवं हाथ मुक्के से मारपीट की। वहीं चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी। प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5),351(3) के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी घनश्याम ढीमर शिवपारा बजरंग चौक गौरा चौरा के पास वार्ड नंबर 33 निवासी है और वह गोदावरी पावर प्लांट सिलतरा रायपुर में काम करता है। काम पर जाने के लिए वह पावर प्लांट की बस में प्रतिदिन जिला अस्पताल के पास से बैठता है। जिसके लिए वह प्रतिदिन पैदल अपने घर से जिला अस्पताल तक जाकर प्लांट की बस पकड़ता है। 6 अगस्त को सुबह लगभग 4:20 बजे वह काम पर जाने के लिए पैदल अपने घर से निकला था। जिला अस्पताल के सामने महागौरी मंदिर के पास तीन अज्ञात लड़के एक मोटरसाइकिल से आए और बेवजह प्रार्थी के साथ गाली गलौज करने लगे। जब प्रार्थी ने मना किया तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी देकर हाथ , लकड़ी से मारपीट किये। इसके बाद एक आरोपी ने धारदार चाकू निकाला और कहा कि यहीं मार डालेंगे। एक आरोपी ने प्रार्थी की आंख बंद कर दी वहीं एक आरोपी ने उसके जेब व बैग में हाथ डालकर चेक किया और मोबाइल को निकाल कर फेंक कर तोड़ दिया।इसके बाद आरोपी मोटरसाइकिल से बस स्टैंड की ओर भाग निकले थे।