दुर्ग। घर में एसी मरम्मत कार्य करने के दौरान मौके का फायदा उठाकर आभूषण चोरी करने वाले आरोपी को सुपेला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है। आरोपी के पास से डेढ़ लाख रुपए के चोरी गये आभूषण बरामद किए गए हैं।
प्रार्थी मनोज अग्रवाल निवासी थाना सुपेला क्षेत्र ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके घर में मरम्मत का कार्य चल रहा है। 25 जुलाई को उनकी पत्नी मंजू अग्रवाल ने घर के बेडरूम में रखे छोटे पैकेट में सोने एवं चांदी के आभूषण गायब होने की जानकारी दी। परिजनों द्वारा तलाश करने के बावजूद आभूषण नहीं मिले। प्रार्थी के घर में 21 जुलाई से एसी मरम्मत के लिए आशुतोष शाहू नामक मैकेनिक काम पर आया हुआ था। घटना के बाद उससे संपर्क करने का प्रयास किया किंतु वह लगातार बहाने बनाकर मिलने से बचता रहा। इस पर परिवार वालों को उसके द्वारा चोरी किए जाने का संदेह हुआ। शिकायत के बाद सुपेला पुलिस ने आरोपी आशुतोष साव के निवास आई एस एच डी पी आवास जवाहर नगर पहुंचकर पूछताछ की। आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार करते हुए आभूषणों का पैकेट पुलिस को सौप दिया।