दुर्ग। रात के समय गाड़ी में पेट्रोल खत्म होने पर हेल्प मांगना प्रार्थी को भारी पड़ गया। तीन अज्ञात आरोपियों ने प्रार्थी के साथ गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देकर मारपीट किए। इससे प्रार्थी को चोटे आई। प्रार्थी की शिकायत पर पुलगांव पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी रोशन विश्वकर्मा ट्रांसपोर्ट का काम करता है। 16 जून को रात 11:00 बजे वह अपने दोस्त शिवम रजक के साथ दुर्ग से अपनी स्कूटी सी जी 08 ए बी 3649 से अपने दोस्त अजय तिवारी से मिलने कोपेडीह गए हुए थे।वापस आते समय हमारा ढाबा से खाना खाकर वह और उसका दोस्त स्कूटी से घर वापस आ रहे थे तभी देर रात को शीतला मंदिर अंजोरा के पास स्कूटी का पेट्रोल खत्म हो गया। इस पर प्रार्थी वहां पर बैठे तीन अज्ञात लड़कों के पास जाकर स्कूटी में पेट्रोल खत्म हो गया है बताते हुए मदद मांगी। इस पर दो आरोपियों ने कहा कि तू हमारा दामाद लगता है क्या जो तुझे पेट्रोल देंगे यह कहते हुए गाली गलौज करने लगे। प्रार्थी ने जब उन्हें गाली देने से मना किया तो आरोपियों ने बास, डंडा एवं ईट से मारपीट किए। इससे प्रार्थी एवं उसके दोस्त शिवम रजक को चोटे आई।पुलिस मामले की जांच कर रही है।