दुर्ग। अवैध गुटका निर्माण एवं पैकेजिंग संचालित दो स्थलों पर अंडा थाना एवं एसीसीयु की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की है। इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने भारी मात्रा में गुटका निर्माण में प्रयुक्त कच्चा माल, मशीन, पैकेजिंग सामग्री एवं तैयार उत्पाद को बरामद किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि थाना अंडा क्षेत्र अंतर्गत मुखबीर से सूचना मिली कि कुथरेल एवं अंडा क्षेत्र में अवैध रूप से गुटका निर्माण एवं पैकेजिंग का कार्य संचालित किया जा रहा है। सूचना मिलते ही थाना अंडा पुलिस एवं एसीसीयु की संयुक्त टीम ने संबंधित स्थलों पर दबिश देकर कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान मौके से गुटका निर्माण में प्रयुक्त विभिन्न प्रकार का कच्चा माल, मशीन, पैकेजिंग सामग्री आदि बरामद किए गए हैं। इस मामले में 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस आरोपियों के खिलाफ धारा 318 (4),3 (5) तथा धारा 63 कॉपीराइट अधिनियम के तहत अपराध दर्ज कर मामले की विस्तृत जांच कर रही है। इस कार्रवाई में थाना अंडा पुलिस एवं एसीसीयु टीम की उल्लेखनीय भूमिका रही।
इस मामले में पुलिस ने आरोपी वीरेंद्र तिवारी निवासी ग्राम नरैनी जिला बांदा, सुभाष कुमार गौतम निवासी इब्राहिमपुर जिला हरदोई उत्तर प्रदेश, सुनील कुमार राजपूत निवासी ग्राम सकरन जिला उन्नाव उत्तर प्रदेश, करण राजपूत निवासी ग्राम तेजीखेड़ा जिला उन्नाव, राजू मस्ताना निवासी ग्राम तेजीखेड़ा जिला उन्नाव, राजकुमार यादव निवासी ग्राम बेरीखेड़ा जिला कानपुर, रमेश कुमार निषाद निवासी ग्राम अदावल जिला फतेहपुर, सत्येंद्र कुमार यादव निवासी ग्राम इटाहरा जिला कानपुर, सोनू यादव निवासी रतनलाल नगर जिला कानपुर तथा बसंत राजपूत निवासी ग्राम जमुना खेड़ा जिला उन्नाव को गिरफ्तार किया है।