दुर्ग। बाइक वाले से झगड़ा होने के बाद डर के मारे डिवाइडर की ओर भाग रहे युवक को अज्ञात वाहन चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए टक्कर मार दी। इससे युवक घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल ले जाकर इलाज के लिए भर्ती किया गया है। खुर्सीपार पुलिस अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ धारा 184, 125 ए, 281 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी राजकुमार यादव न्यू खुर्सी पार निवासी है और वह प्राइवेट काम करता है। उसका भतीजा चंदन यादव 26 वर्ष सतनाम नगर खुर्सी पार और उसका दोस्त प्रहलाद कुमार बंजारे अपना काम कर रिसाली से घर खुर्सी पार आ रहे थे। खुर्सी पार गेट सिग्नल से 100 मीटर पहले ही दुर्ग से खुर्सी पार जी ई रोड पर एक बाइक वाले से उनका झगड़ा हुआ जिसे वे लोग नहीं पहचानते हैं। इस दौरान प्रार्थी का भतीजा चंदन यादव डर के मारे डिवाइडेड की ओर भागा जिसे कोई अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। अज्ञात वाहन चालक वाहन सहित फरार हो गया। इस घटना में चंदन को दोनों पैर, हाथ, चेहरे आदि में चोटे आई। उसे तुरंत एंबुलेंस बुलाकर सुपेला अस्पताल भर्ती किया गया, वहां से उसे इलाज के लिए शासकीय अस्पताल दुर्ग रिफर किया गया है।