दुर्ग। अवैध गांजा की बिक्री करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 2 किलो से अधिक गांजा एवं धारदार हथियार जब्त किए गए हैं नयापारा चौक में वाहन चेकिंग के दौरान आरोपी के कब्जे से गांजा बरामद किया गया है। पुलिस ने बताया कि नयापारा चौक के पास वाहन चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा जिसे घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी के पास रखे सफेद रंग के प्लास्टिक बैग की तलाशी लेने पर उसमें तीन पैकेट में अवैध मादक पदार्थ गांजा, एक धारदार हथियार एवं एक मोबाइल फोन मिला। पूछताछ में आरोपी द्वारा गांजा बिक्री के लिए ले जाना स्वीकार किया गया। मौके पर 2 किलो 175 ग्राम गांजा जिसकी कीमत 1,08,800 रुपए है, एक मोबाइल एवं एक धारदार हथियार को जब्त किया गया। आरोपी दिनेश ठाकुर निवासी चंडी मंदिर के पास शिव पारा के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 ख, 27 क एवं 25 आयुष अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है।