दुर्ग। फार्म हाउस में काम कर रहे बुजुर्ग पर मधुमक्खियों ने अचानक हमला कर दिया। छत्ता गिरने से भड़की मधुमक्खियों ने मजदूर रमेश भोई पर हमला कर दिया जिससे अस्पताल में इलाज के दौरान रमेश की मौत हो गई।जानकारी के मुताबिक जिले के ग्राम गनियारी में एक फार्म हाउस में मजदूर लोग काम कर रहे थे। इस दौरान तेज हवा के कारण एक पेड़ की डाल जिसमें मधुमक्खियों का छत्ता बना हुआ था वह टूटकर नीचे गिर गई। इससे भड़की मधुमक्खियों ने आसपास काम कर रहे मजदूरों पर हमला बोल दिया। कई मजदूर भाग कर अपने आप को बचा लिए परंतु लगभग 60 वर्षीय रमेश भाई तेजी से भाग नहीं पाया और उसे मधुमक्खियों ने घेर कर हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। कुछ लोगों ने रमेश को बचाने के लिए उस पर पानी डाला और कंबल ढककर मधुमक्खियों से बचाने की कोशिश की। इसके बाद किसी तरह उसे तुरंत रसमड़ा के स्वास्थ्य केंद्र में ले जाया गया जहां से उसे हायर ट्रीटमेंट के लिए दुर्ग जिला अस्पताल लाकर भर्ती किया गया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान रमेश भोई ने दम तोड़ दिया। फार्म हाउस के मैनेजर भाविक टांक में बताया कि रमेश पिछले 12 साल से वहां पर काम कर रहा था, उसकी कोई संतान नहीं थी। वह मूलनिवासी जिला बलांगीर उड़ीसा का रहने वाला था और वह अपनी पत्नी अष्टमी भोई के साथ पिछले 12 वर्षों से गनियारी के रितेश टांक के सब्जी फार्म हाउस में काम कर रहा था। शव का पोस्टमार्टम करने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।