दुर्ग। खाद्य विभाग कार्यालय कलेक्ट्रेट के पीछे एक्टिवा को खड़ी कर रहे अधिवक्ता को अज्ञात सफेद रंग की कार चालक ने टक्कर मार दी और कार चालक वाहन सहित फरार हो गया। ठोकर लगने से प्रार्थी के पिता को चोटे आई और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। प्रार्थी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच में लिया। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी सुशांत मिश्रा जिला न्यायालय में वकालत करता है। उसके पिता मानिक मिश्रा भी अधिवक्ता एवं नोटरी है और वह जिला न्यायालय दुर्ग में बैठते हैं। 22 अप्रैल के दोपहर को लगभग 3:45 बजे वह अपनी एक्टिवा सी जी 07 बी एक्स 4627 से खाद विभाग कार्यालय कलेक्टर के पीछे गए हुए थे और एक्टिवा को खड़ी कर रहे थे। इसी दौरान अज्ञात सफेद रंग की कार चालक ने मानिक मिश्रा को टक्कर मार दिया। इससे मानिक मिश्रा को पैर, हाथ आदि में चोटे आई और उनका पैर फैक्चर हो गया। घायल मानिक मिश्रा को इलाज के लिए तुरंत डॉक्टर राजेंद्र पांडे के नर्सिंग होम स्टेशन रोड दुर्ग में लाया गया जहां उनका इलाज चल रहा है।