कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत

दुर्ग।लिटिया-सेमरिया चौकी थाना बोरी क्षेत्र मे मंगलवार की देर रात सेवती गांव के पास कार ने चार बाइक को टक्कर मार दी। कार चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए एक साथ चार बाइकों को टक्कर मार दी। हादसे में तीन से चार युवक घायल हो गए, जिनमें से एक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दो की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने घायलों को शंकराचार्य अस्पताल ले जाकर भर्ती किया है पुलिस मामले की जांच कर रही है। मिली जानकारी के मुताबिक मृतक युवक की पहचान जगमोहन यादव उर्फ जग्गू (16वर्ष) निवासी इंदिरा नगर चिखली के रूप में हुई है। वह अपने दोस्तों के साथ सेवती गांव के पास से 4 बाइकों पर सवार होकर घर वापस लौट रहा था। हर्री स्थित एक राइस मिल के सामने जब चारों बाइक पर सवार युवक जा रहे थे इसी दौरान सामने से आ रही तेज़ रफ्तार कार सीजी 04 के एस 1712 के चालक ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। हादसे में जगमोहन यादव समेत अन्य बाइक युवक घायल हो गए। घटना के बाद कार चालक वाहन को छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी होने पर स्थानीय लोगों ने निजी एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां जगमोहन की हालत गंभीर बनी हुई थी। बुधवार की सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *