मोबाइल रखने पर छात्रों की पिटाई, विद्यालय के दो शिक्षक गिरफ्तार

दुर्ग। जिले के जवाहर नवोदय विद्यालय बोरई में मोबाइल रखने की बात को लेकर छात्रों से मारपीट का मामला सामने आने एवं शिकायत के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि दोनों शिक्षक आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पालकों ने आरोप लगाया था कि वाइस-प्रिंसिपल के केबिन में 8 से 9 छात्रों को लाठी-डंडे से पीटा गया। घटना में कुछ छात्रों को अंदरूनी चोटें आने की जानकारी मिली है।
पीड़ित छात्र के पिता डोमन देशलहरा की शिकायत पर चौकी नगपुरा थाना पुलगांव में धारा 296, 115(2),3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया था। उल्लेखनीय है कि 21 फरवरी को शिक्षक पीयूष कुमार और पीटी शिक्षक रविशंकर मंडलोई ने मोबाइल रखने की बात पर कक्षा 10वीं से 12वीं तक के विद्यार्थियों को कमरे में बुलाकर मारपीट की। आरोप है कि एक छात्र को संवेदनशील अंग पर भी चोट पहुंचाई गई। घटना के बाद छात्रों ने 22 फरवरी की रात करीब 10 बजे परिजनों को फोन कर पूरी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई थी।
पुलिस ने मामले में संबंधित शिक्षकों के खिलाफ अपराध दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *