चोरी की वाहनों को काट कर बेचने वाले चार आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग। वाहन चोरी के एक मामले में पद्मनाभपुर पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। 15 वर्षों से मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम कर रहा इस मामले का मुख्य आरोपी निकला है। आरोपी चोरी के वाहनों को काटकर कबाड़ियों को बेचने का काम कर रहा था। आरोपियों के पास से लगभग 7 लाख रुपए की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी विजय देवांगन पिछले 15 वर्षों से मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम कर रहा है।अपने तकनीकी ज्ञान का दुरुपयोग करते हुए आरोपी द्वारा क्षेत्र में घूम-घूम कर अलग-अलग स्थान से मोटरसाइकिल एवं स्कूटी चोरी की जा रही थी। चोरी किए गए वाहनों को आरोपी अपने घर ले जाकर हेक्सा ब्लेड जैसे औजार से काटकर लोहे एवं एल्युमिनियम के पार्ट्स अलग-अलग करता था और इन्हें फेरी वाले एवं स्थानीय कबाड़ियों के माध्यम से बेच देता था। आरोपी की निशानदेही पर अन्य सहयोगी
आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई जिनके कब्जे से चोरी किए गये मोटरसाइकिलों के पार्ट्स बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों द्वारा कुल 10 दो पहिया वाहन चोरी करना स्वीकार किया गया, जिसमें थाना पद्मनाभपुर, कोतवाली एवं मोहन नगर क्षेत्र के वाहन शामिल है। पुलिस ने आरोपी विजय देवांगन निवासी उरला दामाद पारा, सोनू गुप्ता निवासी उरला, उमेश गुप्ता निवासी उरला वार्ड क्रमांक 57, मोहम्मद खान निवासी मितान चौक सुभाष नगर को गिरफ्तार किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *