पुराने पैसों के विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या, सिटी कोतवाली पुलिस ने एक आरोपी को दबोचा

दुर्ग। पुराने पैसों की वसूली को लेकर हुए विवाद में एक युवक की बेरहमी से पिटाई कर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली दुर्ग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 25 जनवरी 2026 को थाना सुपेला से मर्ग क्रमांक 0/2026 की डायरी प्राप्त हुई थी। मृतक ऋषि निर्मलकर के शव का पोस्टमार्टम कराए जाने के बाद शॉर्ट पीएम रिपोर्ट, गवाहों के बयान तथा मृतक के पिता के कथन दर्ज किए गए।
जांच में सामने आया कि 24 जनवरी 2026 को होटल 36 इन, इंदिरा मार्केट, दुर्ग में पुराने पैसों की वसूली को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपियों ने ऋषि निर्मलकर के साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में युवक को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
मर्ग जांच के दौरान प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रशांत राव पिता लक्ष्मण राव एवं अन्य साथियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 48/2026, धारा 103 एवं 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की है।
पुलिस ने आरोपी प्रशांत राव को हिरासत में ले लिया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। दुर्ग पुलिस का कहना है कि मामले में वैधानिक कार्रवाई तेजी से की जा रही है और विवेचना जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *