दुर्ग। शासकीय चिकित्सक के पद पर नौकरी लगाने के नाम पर 20 लाख रुपए की धोखाधड़ी करने वाले आरोपी को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मणि शंकर चंद्रा ने बताया कि 29 अगस्त को प्रार्थी सचिन मालगी निवासी अंजोरा चौकी थाना पुलगांव ने सिटी कोतवाली दुर्ग में उपस्थित होकर आवेदन दिया था कि विकास चंद्राकर नाम का व्यक्ति उसे शासकीय चिकित्सक के पद पर नौकरी लगाने का झांसा देकर 20 लाख रुपए की रकम प्राप्त कर लिया है परंतु न तो नौकरी लगी और न ही संपूर्ण राशि वापस की गई। मामला 420 का पाए जाने पर पुलिस ने मामले की जांच प्रारंभ कर दी थी। पुलिस ने आरोपी विकास चंद्राकर निवासी विवेक मल्टी स्पेशलिस्ट हॉस्पिटल त्रिमूर्ति कॉलोनी के पास महासमुंद को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने बताया कि मई 2023 से प्रार्थी से डॉक्टर की नौकरी लगाने के नाम पर 20 लाख रुपए लिए थे। नौकरी नहीं लग पाने की स्थिति में आरोपी द्वारा विभिन्न किस्तों में 7,00,000 रुपए सचिन मालगी एवं उसकी पत्नी कीर्ति के खाते में वापस किया तथा शेष 13 लाख रुपए के लिए भारतीय स्टेट बैंक के अपने खाते के दो चेक 5 लाख एवं 8 लाख रुपए के प्रदान किए गए थे। आरोपी द्वारा उक्त चेकों का भुगतान करने की नियत न रखते हुए खाते में रकम नहीं रखी गई थी।