कोर्ट स्टाफ के सामने युवती ने खुद को आग लगाई, गंभीर हालत में रायपुर रेफर

कोर्ट के आदेश पर घर खाली कराने पहुंचे कोर्ट स्टाफ के सामने युवती ने खुद पर मिट्टी तेल डालकर आग लगा ली। गुरुवार को हुई इस घटना में वह बुरी तरह झुलस गई। जिसे इलाज के लिये रायपुर अस्पताल ले जाकर भर्ती किया गया है।
कोतवाली थाना अंतर्गत निवासी शबाना निशा उर्फ रानी (37) पचरी पारा में किराए के मकान में रहती थी। परिजनों के मुताबिक, शबाना चाहती थी कि वह जिस मकान में रह रही है, उसे जमीन मालिक बेच दे, ताकि वह वहीं रह सके। डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के फैसले के बाद कोर्ट स्टाफ घर खाली कराने पहुंचा। इस दौरान उसने सुसाइड की नीयत से खुद को आग के हवाले कर दिया। इस घटना में शबाना बुरी तरह झुलस गई है।
पीड़िता को रायपुर के डीकेएस अस्पताल भर्ती किया गया है जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। शबाना निशा पिछले दुर्ग नगर निगम चुनाव में वार्ड क्रमांक 28 पचरी पारा से कांग्रेस के टिकट पर पार्षद पद का चुनाव लड़ चुकी है।
शबाना निशा बचपन से फेरू राम के मकान में किराए से रह रही थी। वह चाहती थी कि मालिक उसे मकान बेच दे। लेकिन फेरू राम घर नहीं बेचना चाहता था। ऐसे में दोनों में लंबे समय से विवाद चल रहा था।

कोर्ट में चले मामले में शबाना को हार का सामना करना पड़ा। जिसके बाद कब्जा दिलाने के लिए आदेश जारी हुआ। गुरुवार दोपहर करीब 2:30 बजे कोर्ट स्टाफ घर खाली कराने पहुंचे। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंचे। बातचीत के दौरान ही शबाना अचानक घर के अंदर गई और खुद को आग के हवाले कर दिया।लोगों ने चादर की मदद से आग बुझाई। आग लगते ही शबाना धधकती हुई घर से बाहर निकली, जिसे देखकर कोर्ट स्टाफ पीछे हट गया। आसपास मौजूद लोगों ने चादर की मदद से किसी तरह आग बुझाई।

इस संबंध मे कोतवाली थाना प्रभारी नवीन राजपूत ने बताया कि पुलिस द्वारा घटना की जानकारी ली गई है। पीड़िता की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक इलाज देकर रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर कर दिया है जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *