यातायात जागरूकता अभियान चलाकर किया जागरूक

दुर्ग। सड़क सुरक्षा माह 2026 के अंतर्गत यातायात पुलिस दुर्ग द्वारा बाफना टोल एवं रसमड़ा चौक पर विशेष यातायात जागरूकता अभियान संचालित किया गया। वाहन चालकों को हेलमेट एवं सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा रैश ड्राइविंग से बचने के संबंध में समझाइश दी गई।यातायात नियम की जानकारी देकर सुरक्षित वाहन संचालन के लिए प्रेरित किया गया। रसमड़ा क्षेत्र की फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिकों को निशुल्क सेफ्टी जैकेट भी वितरित किए गए। बाफना टोल पर मालवाहक एवं भारी वाहनों में दृश्यता बढ़ाने के लिए निशुल्क रिफ्लेक्टर स्टीकर लगाए गए है।
यातायात पुलिस द्वारा 16 जनवरी को बाफना टोल एवं रसमड़ा चौक पर व्यापक स्तर पर यातायात जागरूकता अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान दो पहिया, चार पहिया, मालवाहक एवं भारी वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए यातायात नियमों का पालन करने संबंधी आवश्यक जानकारी प्रदान की गई। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा विशेष रूप से दो पहिया वाहन चालकों को हेलमेट अनिवार्य रूप से पहनने, चार पहिया वाहन चालकों को सीट बेल्ट का नियमित उपयोग करने, सभी वाहन चालकों को तेज गति, लापरवाही, रैश ड्राइविंग से बचने की समझाइश भी दी गई। वाहन चालकों को सुरक्षित दूरी बनाए रखने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने, यातायात संकेतों का सम्मान करने के लिए भी मार्ग दर्शित किया गया।रसमड़ा चौक क्षेत्र में स्थित विभिन्न औद्योगिक इकाइयों एवं फैक्ट्री में कार्यरत श्रमिकों की सड़क पर सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उन्हें निशुल्क सेफ्टी जैकेट वितरित की गई। बाफना टोल प्लाजा पर यातायात पुलिस द्वारा टोल प्रबंधन एवं कर्मचारियों के सहयोग से माल वाहक एवं भारी वाहनों पर निशुल्क रिफ्लेक्टर स्टीकर लगाए गए ताकि रात्रि के समय वाहनों की पहचान दूर से हो सके और पीछे से आने वाले वाहनों को समय रहते संकेत मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *