पल भर में हादसा, सेकंडों में रेस्क्यू—कोतवाली पुलिस बनी जीवन रक्षक

दुर्ग। कोतवाली थाना पुलिस को 112 आपात सेवा के माध्यम से सूचना मिली कि एक अज्ञात युवती नदी के किनारे काफी देर से संदिग्ध अवस्था में बैठी हुई है। सूचना मिलते ही कोतवाली थाना प्रभारी नवीन राजपूत ने पेट्रोलिंग पार्टी को तत्काल मौके पर भेजकर तस्दीक के निर्देश दिए।तस्दीक के दौरान युवती अचानक नदी में कूद गई। मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत नदी में उतरकर युवती को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

भीगे कपड़ों की हालत में उसे थाना लाया गया, जहां प्रारंभ में वह कुछ भी बताने की स्थिति में नहीं थी।पुलिस द्वारा आसपास के थानों में युवती की फोटो भेजी गई, जिसके बाद उसकी पहचान पूनम श्रीवास्तव (उम्र 40 वर्ष) निवासी मोहन नगर थाना क्षेत्र (मोहन नगर थाना के पीछे) के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस ने उसके परिजनों से संपर्क कर भाई मनीष श्रीवास्तव एवं माता के सुपुर्द युवती को सुरक्षित सौंप दिया।

इस सराहनीय कार्य में कोतवाली थाना प्रभारी नवीन राजपूत, प्रा. आर. अजय विश्वकर्मा, आर. प्रशांत पटनकर, आर. थामसन पीटर, आर. जावेद खान एवं आर. विकाश तिवारी की अहम भूमिका रही। पुलिस की सतर्कता और तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया, जिसकी क्षेत्र में सराहना की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *