दुर्ग। नशे के खिलाफ ऑपरेशन विश्वास चलाया जा रहा है जिसके तहत पुलिस टीम बघेरा स्कूल पहुंची और अभिव्यक्ति एप का व्यापक प्रचार प्रसार किया। इस दौरान छात्रों को साइबर फ्रॉड, डिजिटल अरेस्टिंग के बारे में जागरूक किया गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पद्मश्री तंवर द्वारा शाला परिसर में उपस्थित छात्र-छात्राओं, शिक्षक शिक्षिकाओं एवं अन्य नागरिकों को सोशल मीडिया से संबंधित जानकारी, महिला संबंधी अपराध, पास्को एक्ट, नशे के उपयोग से होने वाली समस्या के बारे में एवं नशे से मुक्त होने के विभिन्न प्रकार साधनों की जानकारी दी। इस दौरान पद्मश्री तंवर ने छात्र-छात्राओं का आवश्यक इमरजेंसी नंबर की जानकारी दी और उन्हें जागरुक करते हुए कहा कि अपनी निजी जानकारी अनजान व्यक्तियों से शेयर ना करें। सोशल मीडिया का सेफ्टी फीचर के साथ उपयोग करें वही इमरजेंसी नंबर 1930 के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने छात्रों से कहा कि अपने मोबाइल पर महत्वपूर्ण नंबर को सुरक्षित रखें, अपने पास की निजी जानकारी किसी से शेयर ना करें। उप पुलिस अधीक्षक श्रीमती ममता अली शर्मा ने छात्र-छात्राओं से कहा कि जीवन में आने वाली किसी भी प्रकार की समस्या को अपने माता-पिता एवं गुरुजनों से शेयर करें।
सहायक उप निरीक्षक संगीता मिश्रा ने उपस्थित छात्र-छात्राओं को अभिव्यक्ति एवं स्कूल स्टाफ को अभिव्यक्ति एप संबंधित जानकारी दी। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं पूर्व माध्यमिक शाला बघेरा के इस कार्यक्रम को सफल बनाने में शाला समिति के अध्यक्ष एवं सदस्य, जन प्रतिनिधि, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र से डॉक्टर यामिनी एवं महिला रक्षा टीम के सदस्य मौजूद रहे।
