दुर्ग।शुक्रवार की सुबह ऑटो रिक्शा को कार चालक ने तेज एवं लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए जमकर टक्कर मार दी। तेज रफ्तार एसयूवी की ठोकर से आटो चालक व महिला सफाई कर्मी सहित आठ लोग घायल हो गए हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि आटो के परखच्चे उड़ गए। घटनी सूचना मिलते ही पद्मनाभपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में आटो चालक सहित चार की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं पांच महिलाओं को हालत सामान्य बताई जा रही है।
हादसे की सूचना मिलते ही दुर्ग विधायक गजेन्द्र यादव, महापौर अलका बाघमार , आयुक्त सुमित अग्रवाल, सभापति श्याम शर्मा, पूर्व विधायक अरुण वोरा, पूर्व महापौर धीरज बाकलीवाल सहित एमआईसी सदस्य एवं पार्षद जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। विधायक गजेंद्र यादव एवं महापौर ने डॉक्टर से चर्चा की और सभी का बेहतर इलाज करने के लिए कहा। पूर्व विधायक अरुण वोरा ने कहा कि सफाई कर्मी हमारी व्यवस्था की रीड है और उनके साथ यह हादसा होना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने प्रशासन से भी इस मामले में उचित जांच व कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की सुबह लगभग 6 बजे नगर निगम में सफाई कर्मी के रूप में काम करने वाली महिलाए चंदखुरी और कोलिहापुरी क्षेत्र से रोज की तरह आटो में सवार होकर काम पर आ रही थी। आटो चालक ने एक महिला को विशाल मेगा मार्ट के पास उतारा और सड़क किनारे आटो खड़ी कर एक महिला का इंतजार करने लगा। इस दौरान जेल चौक की ओर से एसयूवी कार सीजी 07 सीवी 1947 तेज रफ्तार में आई और आटो को रांग साइड से आकर सामने से टक्कर मार दी।टक्कर से आटो के परखच्चे उड़ गए। कार के भी सामने का बोनट पूरा क्षतिग्रस्त हो गया और एयर बैग तक खुल गए। कार में सवार चालक और एक अन्य सुरक्षित रहे लेकिन आटो सवार घायल हो गए। घटना के बाद आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। जानकारी मिलते ही मौके पर पद्मनाभपुर थाने से डायल 112 की टीम भी मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में 5 महिलाओं की हालत सामान्य है तो वहीं 4 की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने आरोपी कर चालक को पकड़ लिया है और कार को जब्त किया है।
+यह लोग हुए हैं घायल
इस दुर्घटना में ऑटो में सवार सतरूपा गोड़, श्यामबती राउत , लोकेश्वरी साहू, कोमिन साहू, चितरेखा निर्मलकर, चुलेश्वरी साहू , सुनीति यादव, ऑटो चालक राजा साहू घायल हुए है। इसमें शतरूपा गोड़, सामबती राउत, लोकेश्वरी साहू एवं कोमिन साहू की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
