दुर्ग/ छत्तीसगढ़ राज्य के राज्यपाल रमेन डेका ने दुर्ग जिला प्रवास के दौरान आज लोक निर्माण विभाग के सभाकक्ष में प्रशासनिक अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने विभिन्न प्रशासनिक मुद्दों पर ठोस दिशा-निर्देश दिए, जिसमें पर्यावरण संरक्षण, सड़क सुरक्षा, नशा मुक्ति, जल संरक्षण और स्व सहायता समूहों को सशक्त बनाने की दिशा में प्रयासों को आगे बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

राज्यपाल डेका ने जिले में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की और पुलिस प्रशासन को प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने यातायात नियमों के पालन में सख्ती बरतने की आवश्यकता पर जोर दिया। आम जनता के हित के लिए वाहन चलाते समय हेलमेट, सीट बेल्ट एवं बिना नशा पान किए वाहन चलाते हुए यातायात नियमों का पालन कराने को कहा। उन्होंने वाहन चलाते समय लापरवाही नहीं बरतने पर जोर दिया। आम जनता को यातायात नियमों एवं सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने विशेष अभियान चलाने निर्देश दिए और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन कराने को कहा।
राज्यपाल श्री डेका ने नशा मुक्ति के लिए विभिन्न कार्यक्रम का आयोजन पर जोर दते हुए कहा कि नशा एक गंभीर सामाजिक समस्या बन चुका है, जो व्यक्तियों के स्वास्थ्य को नुकसान पहुँचाता है। उन्होंने नशा मुक्ति के लिए सरकारी एवं गैर-सरकारी संगठनों पर नशा मुक्ति अभियान चलाने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने कहा कि विशेष अभियानों के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक किया जा सकता है। नशीले पदार्थो का अन्य राज्यों से अवैध रूप से आने वाले गांजा, चरस, कोकीन पर रोक लगाने की जरूरत है। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को इस दिशा में सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिये।
