दुर्ग। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आंचलिक समाजसेवी कार्यकर्ताओं द्वारा विशेष आयोजन भिलाई निवास आई सी एच हाल में किया गया। इस आयोजन में विशेष अतिथियों के रूप में प्रगति महिला नागरिक सहकारी बैंक सेक्टर 2 भिलाई की अध्यक्षा श्रीमती अश्विनी नागले, विशेष समाजसेवी व उच्च न्यायालय की अधिवक्ता श्रीमती शाहना कुरैशी, समाज सेविका लीलेश्वरी साहू, मदर टेरेसा आश्रम शांति नगर कोहका की इंचार्ज जेसन सिस्टर मौजूद रहे। कार्यक्रम में सभी अतिथियों का श्रीफल, शाल, गुलदस्ता, मिठाई व प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। इस अवसर पर सभी अतिथियों ने महिला दिवस पर अपने विचार रखे।
श्रीमती अश्विनी नागले ने कहा कि आज लगभग हर क्षेत्र में महिलाएं आगे बढ़कर अपनी उपस्थित दर्ज करा रही है और शहर ही नहीं देश का भी नाम रोशन कर रही है। ऐसी महिलाओं से आने वाली पीढ़ी को नई सोच और प्रेरणा मिलती है। महिलाओं को आगे बढ़ाने में पुरुषों का भी सहयोग रहता है जो उनके उत्थान के लिए कार्य करते हैं, वह भी बधाई के पात्र हैं। अश्विनी नागले ने कहा कि जब एक आदमी को शिक्षित किया जाता है तब तक आदमी ही शिक्षित होता है, लेकिन जब एक औरत को शिक्षित किया जाता है तब एक पीढ़ी शिक्षित होती है। श्रीमती शाहना कुरैशी ने कहा कि आज शहर की युवा पीढ़ी को शिक्षा रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर मिलता है परंतु कई ऐसे ग्रामीण क्षेत्र हैं जहां पर आज भी सुविधाओं का अभाव है। कुछ जगहों पर टोनही समस्या आज भी विकराल रूप ली हुई है। टोनही प्रताड़ना का महिलाएं आज भी शिकार हो रही है, इस पर अंकुश लगाना आवश्यक हो गया है। महिलाओं को आज आगे बढ़ने के साथ-साथ कानून की जानकारी का भी होना आवश्यक है। घर के बाहर हो या घर के भीतर महिलाओं पर हो रहे शोषण के खिलाफ उनकी रक्षा के लिए कानून बना हुआ है जिसकी जानकारी महिलाओं को होना चाहिए।
जेसन सिस्टर ने कहा कि मदर टेरेसा कहा करती थी कि हर परिवार में महिला हार्ट होती है और परिवार को एक बनाए रखने के साथ-साथ कई क्षेत्र में वह कार्य करती है। माता बनकर वह कई लोगों की सेवा करती है। घर परिवार के साथ-साथ वह पड़ोस, रिश्तेदारों में भी किसी न किसी के सुख-दुख में आगे बढ़कर सेवा करती है। समाजसेविका लीलेश्वरी साहू ने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए, उन्हें मजबूती प्रदान करने एवं समाज को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से आज के दिन महिलाओं का सम्मान किया जाता है। महिलाओं का प्रतिदिन सम्मान किया जाना चाहिए क्योंकि महिला हर क्षेत्र में बढ़ चढ़कर सेवा कार्य करती है। आज समाज में शिक्षा, संस्कार, रोजगार का होना आवश्यक है। नई जनरेशन को पढ़ाई लिखाई के साथ संस्कार देना आवश्यक है।
इस कार्यक्रम में समाजसेवी विमान भट्टाचार्य, जावेद हसन, डॉ आर पी बिंदु, एंथोनी फ्रांसिस, दिनेश मिश्रा, के एल विश्वकर्मा, पी राजन नायडू, ओपी वर्मा, रमेश भारती, बीना भट्टाचार्य, दामोदर मुदाफरे, राजेंद्र नायडू, एस एन विश्वास, राम समुज, चितरंजन, रविंद्र देवनाथ प्रशांत बंदोपाध्याय, एम आर निराला, श्रीमती रीता दास, सुनील कुमार फड़के, श्रीमती मीरा दत्ता, श्रीमती मुदाफरे, श्रीमती एंथोनीआदि मौजूद रहे। मंच संचालन हेमलता अचिन ने किया, वहीं सभी लोगों का आभार प्रदर्शन जावेद हसन ने किया।
