दुर्ग। परीक्षा देने केंद्रीय विद्यालय दुर्ग गये प्रार्थी की एक्टिवा की चोरी अज्ञात आरोपी ने कर ली। प्रार्थी की शिकायत पर पदमनाभपुर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 305 बी के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि प्रार्थी रुद्र कुमार त्रिपाठी केंद्रीय विद्यालय दुर्ग में कक्षा ग्यारहवीं की पढ़ाई कर रहा है। उसकी मां माया त्रिपाठी के नाम से रजिस्टर होंडा एक्टिवा क्रमांक सीजी 07 सी के 1660 है। उक्त वाहन को लेकर प्रार्थी 4 दिसंबर को केंद्रीय विद्यालय दुर्ग में परीक्षा देने गया हुआ था। उसने अपनी एक्टिवा को मेन गेट के पास खड़ी कर दिया था और परीक्षा देने अंदर चला गया था। परीक्षा देकर जब वह बाहर निकला तो उसकी गाड़ी गायब थी। चोरी के वाहन की कीमत लगभग 25000 रुपए आंकी गई है।