भिलाई नगर/ अंतर्राष्ट्रीय धुम्रपान निषेध दिवस का भिलाई निगम में आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर निगम आयुक्त रोहित व्यास ने अधिकारी/कर्मचारियों को शपथ दिलाया। सभी कर्मचारियों ने यह संकल्प लिया कि छत्तीसगढ़ को विकसित राज्य बनाने अपने परिवार में हर्षोल्लास रखने तन, मन, धन को सुदृढ़ बनाने पर्यावरण को स्वच्छ रखने के लिए सभी वर्ग के व्यक्तियों में नशा पान के दुष्परिणामों को प्रचारित कर यथासंभव नशा पीड़ितों से व्यक्तिगत संपर्क कर उन्हें नशा मुक्ति के लिए प्रेरित करेंगे। आयुक्त रोहित व्यास ने अधिकारी/कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशापान से मानसिक असंतुलन की स्थिति निर्मित होती है, नशापान से कार्य करने की क्षमता भी कम हो जाती है तथा व्यक्ति भ्रमित होता है नशापान से शारीरिक एवं मानसिक गंभीर व्याधियां होती है नशा पान से सामाजिक प्रतिष्ठा कम होती है तथा समाज से प्रायः उपेक्षा मिलती है नशापान से परिवारिक सुख एवं समृद्धि का अंत होता है जिससे जीवन में भटकाव की स्थिति बनती है नशा पान से वातावरण प्रदूषित होता है जिससे हमारे परिवार के बच्चे अधिक प्रभावित होते हैं नशा पान उच्च स्तरीय जीवन शैली का प्रतीक नहीं है परंतु अज्ञानता में लिया गया निर्णय है। नशा से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति समाज में जन चेतना विकसित करने हेतु प्रतिवर्ष 31 मई को अंतर्राष्ट्रीय धुम्रपान निषेध दिवस का आयोजन किया जाता है जिससे जनसामान्य में धूम्रपान के विरुद्ध सकारात्मक वातावरण निर्मित हो सके। तंबाकू या तंबाकू युक्त निर्मित विभिन्न उत्पादों के सेवन से सभी वर्गों में गंभीर व्याधियां परिलक्षित हो रही है जो सभी के लिए चिंता का विषय है। अंतरराष्ट्रीय धूम्रपान निषेध दिवस के आयोजन के उपलक्ष में तंबाकू सेवन के दुष्प्रभाव पर विस्तृत चर्चा की गई। उसके दुष्प्रभाव की जानकारी समुदाय में प्रचारित करने के लिए विशेष संकल्प लिया गया। इस दौरान अपर आयुक्त अशोक द्विवेदी, स्वास्थ्य अधिकारी धर्मेंद्र मिश्रा, लेखा अधिकारी जितेंद्र ठाकुर, शरद दुबे, बी एल असाटी, संजय शर्मा, जय जैन तथा निगम कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
