भिलाई। महीने भर के रोजे के बाद अब 22 अप्रैल को शहर में ईदुल फित्र मनाई जाएगी। शुक्रवार की शाम खुले आसमान में चांद नजर आने के साथ ही मुबारकबाद का सिलसिला शुरू हो गया। शहर की तमाम मस्जिदों में और घरों में मुस्लिम समुदाय के लोग शाम को आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए थे। जैसे ही चांद नजर आया लोगों ने ईद की खुशियां आपस में बांटी। ईदुल फित्र की नमाज के देखते हुए शहर के तमाम ईदगाहों के साथ साथ मस्जिदों में भी खास इंतजाम किए गए हैं। जामा मस्जिद सेक्टर-6 के ईदगाह में शनिवार 22 अप्रैल को सुबह ठीक 8:45 बजे नमाज-ए-ईदुल फित्र अदा की जाएगी। इसी तरह शहर की तमाम मस्जिदों व ईदगाहों में भी ईद की विशेष नमाज अदा की जाएगी।