दुर्ग। आदर्श नगर थाना पद्मनाभपुर स्थित ज्वेलर्स दुकान के भीतर मंगलवार की शाम को हुई चाकूबाजी की घटना से हड़कंप मच गया। राधाकृष्ण ज्वेलर्स मे चांदी की चैन गिरवी रखने पहुंचे एक युवक ने दुकानदार के मना करने पर कथित तौर पर गाली-गलौज की और चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी
मौके से फरार हो गया। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची। अपराध दर्ज करने के बाद पुलिस ने तुरंत जांच प्रदान कर दी है। पदमनाभपुर थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि दुकान एवं उसके आसपास की अन्य दुकानों में लगे हुए सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। जांच जारी है, जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि 53 वर्षीय रंजन पालित आदर्श नगर स्थित राधाकृष्ण ज्वेलर्स का संचालन करते हैं। मंगलवार शाम करीब 7:30 से 8 बजे के बीच एक अज्ञात युवक दुकान पर चांदी की चैन लेकर पहुंचा और उसे गिरवी रखने की बात कही। जिले में हो रही चोरियों एवं चैन स्नेचिंग की घटनाओं से सतर्क दुकानदार ने अनजान व्यक्ति की चैन गिरवी रखने से इनकार कर दिया।इस बात पर आरोपी युवक आक्रोशित हो गया। युवक ने पहले रंजन पालित के साथ गाली-गलौज की और इसके बाद चाकू निकालकर उनके हाथ और गाल पर वार कर दिया। अचानक हुए हमले से दुकान में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग निकला।घायल रंजन पालित विद्युत नगर, साई नगर के पास रहते हैं।
+काला मास्क बांधकर काले कपड़े में पहुंचा था आरोपी
जानकारी के मुताबिक पुलिस दुकान में लगे एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज को खंगाल रही है वहीं आसपास के दुकानदारों से भी पूछताछ कर रही है। बताया जाता है कि आरोपी मुंह पर काले रंग का मास्क बांधा हुआ था और उसने काले रंग के ही पैंट शर्ट पहने थे। आरोपी दुबला पतला एवं ऊंचे कद का बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।