भिलाई। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में घर में अकेली महिला को देखकर कथित तौर पर घर में घुसकर छेड़छाड़, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने वाले 24 वर्षीय युवक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ महिला की शिकायत पर अपराध दर्ज किया गया है।
जानकारी के मुताबिक 11 सितंबर को पीड़िता ने थाना खुर्सीपार पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि वह घर में अकेली थी। इसी दौरान आरोपी श्रीरात्रे घर में घुस आया और कथित रूप से बेइज्जती करने की नीयत से उसका हाथ-बांह पकड़कर छेड़छाड़ की। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई।
शिकायत मिलने के बाद खुर्सीपार पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी को तलाश कर हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने छेड़छाड़ की घटना करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे 12 सितंबर को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया। न्यायालय से न्यायिक रिमांड मिलने पर आरोपी को जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान श्रीरात्रे पिता मानदास रात्रे (24 वर्ष), निवासी बाबा बालकनाथ मंदिर के पीछे, शास्त्री नगर, खुर्सीपार के रूप में हुई है। घटना स्थल बाबा बालकनाथ मंदिर खुर्सीपार बताया गया है।