दुर्ग। थाना नंदिनी अंतर्गत ग्राम मुरमुंदा के पास कार एवं स्पोर्ट्स बाइक के बीच हुई टक्कर में 3 साल के बच्चे की मौत हो गई। इस घटना में बच्चे के पिता गंभीर रूप से घायल हो गए।उन्हें इलाज के लिए रायपुर स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है।जानकारी के मुताबिक, कुम्हारी का रहने वाला युवक अपने 3 साल के बच्चे के साथ स्पोर्ट्स बाइक से जा रहा था। इसी दौरान मुरमुंदा के पास सामने से आ रही कार से बाइक की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार पिता और उसका बेटा सड़क पर गिर गए। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आई हैं।
घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान 3 साल के बच्चे ने दम तोड़ दिया। वहीं, बच्चे के पिता की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर एम्स रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर नंदिनी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू की। बच्चे की मौत के मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
पुलिस ने हादसे में शामिल कार और बाइक की जानकारी जुटाना शुरू कर दिया है। दुर्घटना कैसे हुई, इसकी जांच की जा रही है।