दुर्ग। बस स्टैंड में कार सवार प्रार्थी और उसके दोस्तों के साथ मारपीट कर रकम एवं मोबाइल लूटने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार किया है। वहीं, शिकायत के बाद तत्काल अपराध दर्ज कर कार्रवाई नहीं करने के मामले में पद्मनाभपुर थाना प्रभारी प्रमोद रुसिया को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है।

दुर्ग SSP विजय अग्रवाल ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद तत्काल कार्रवाई करने के बजाय टालमटोल किए जाने की बात सामने आई है। इसी को लेकर थाना प्रभारी से पूछा गया है कि मामले में किस कारण लापरवाही बरती गई।

SSP विजय अग्रवाल ने स्पष्ट कहा कि किसी भी थाने में प्रार्थी द्वारा शिकायत किए जाने पर तत्काल अपराध दर्ज कर जांच शुरू की जानी चाहिए। पुलिस की ओर से किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

