दुर्ग। अधिवक्ताओं एवं बार टाइपिस्ट के टेबल के दराज को तोड़कर अज्ञात आरोपियों ने रकम की चोरी कर ली। प्रार्थिया आशिता पांडे की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 305 के तहत अपराध दर्ज कर जांच में लिया है। पुलिस ने बताया कि 8 अगस्त की शाम से लेकर 10 अगस्त की सुबह के बीच अज्ञात चोरों ने अधिवक्ताओं एवं बार टाइपिस्ट के टेबल के लॉकर को तोड़कर चोरी की घटना अंजाम दिये है। अधिवक्ता थानेश्वर सिन्हा आशिता पांडे एवं बार टाइपिस्ट गीतिका शर्मा, रेणुका रानी चंद्राकर व अन्य की टेबल के ड्राव्ज को तोड़ दिया गया है। इस घटना में आशिता पांडे के टेबल से लगभग 3000 रुपए की राशि, रेणुका रानी चंद्राकर के टेबल से लगभग 1000 रुपए चोरी हुए हैं। अज्ञात आरोपियों ने इससे पूर्व भी जिला न्यायालय में बने टीन शेड में चोरी की घटना को अंजाम दिया था।