आदर्श नगर में दिनदहाड़े सूने मकान में सेंध, जेवर और ₹27 हजार चोरी

दुर्ग शहर में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। न्यू आदर्श नगर स्थित एक सूने मकान को निशाना बनाते हुए अज्ञात चोरों ने लाखों के सोने-चांदी के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। परिवार जब बाहर से वापस लौटा तो घर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

मामला दुर्ग के कत्यानी मंदिर रोड स्थित न्यू आदर्श नगर का है। पीड़ित, जो एक बैंक में फील्ड आईटी इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं, 1 अगस्त की शाम करीब 5 बजे अपने परिवार के साथ अर्जुन्दा टिकरी गए थे। इस दौरान घर पर ताला लगा हुआ था।

2 अगस्त की रात करीब 10 बजे जब परिवार वापस लौटा तो मेन गेट का ताला तो सही मिला, लेकिन घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। अंदर प्रवेश करने पर घर का सारा सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का लॉक भी टूटा हुआ मिला।

जांच करने पर पता चला कि अलमारी में रखे सोने के झुमके, सोने की बालियां, सोने की फुली, मंगलसूत्र, चांदी की पैरपट्टी, आठ चांदी के सिक्के, गुल्लक में रखी राशि और करीब 27 हजार रुपये नकद गायब थे।

पीड़ित ने घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी और घर का पूरा सामान जांचने के बाद चोरी हुए सामान की सूची तैयार कर थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *