दुर्ग। धमधा ब्लॉक ग्राम तुमा कला चौकी जेवरा सिरसा के उपसरपंच (कांग्रेस नेता) प्रकाश सिंह कश्यप की लूट का विरोध करने पर आरोपियों की तलाश में लगी टीम को अब तक सफलता नहीं मिल पाई है। घटना के लगभग 42 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली है। आरोपियों की तलाश में टीम लगी हुई है। जेवरा सिरसा चौकी प्रभारी समित मिश्रा ने बताया कि कई टीम बनाकर आरोपियों की तलाश में लगाई गई है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज में बाइक पर बैठकर आरोपी जाते हुए दिखाई दे रहे हैं। आधी रात का समय होने के कारण सीसीटीवी फुटेज में चेहरे स्पष्ट नजर नहीं आ रहे हैं।
घटना के दौरान आरोपियों ने पहले लूट किया था, विरोध करने पर प्रकाश सिंह कश्यप की चाकू मारकर हत्या कर दी थी। आरोपियों ने मृतक से 4000 रुपए एवं मोबाइल लूट लिया था। घटना के बाद से ही क्षेत्र में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया था। घटना से गुस्सा आए कांग्रेसियों ने धरना प्रदर्शन कर आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत किए जाने की मांग की थी।
उल्लेखनीय है कि रविवार की रात लगभग रात 2 बजे प्रकाश सिंह कश्यप (47 वर्ष)अपने दो साथी चुआ राम और भूषण पटेल के साथ मोटरसाइकिल से भिलाई से अपने गांव तुमाकला वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जेवरा-सिरसा पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम करगीडीह और चिखली चौक के बीच एक बाइक पर सवार चार अज्ञात बदमाशों ने उनका रास्ता रोक लिया था। बदमाशों ने पहले प्रकाश सिंह कश्यप से मोबाइल और नकदी लूटने का प्रयास किया। विरोध करने पर आरोपियों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान उनके दोनों साथी किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले और पुलिस को सूचना दी। वारदात के बाद आरोपी मोबाइल और नगदी लेकर फरार हो गए थे। पृथक प्रकाश सिंह कश्यप धमधा ब्लॉक के ग्राम तुमाकला के उप सरपंच थे एवं उनकी पत्नी देहुती बाई कश्यप वर्तमान में ग्राम पंचायत की सरपंच है।
