दुर्ग। पुलगांव से महाराजा चौक की ओर आ रहे मुख्य मार्ग पर दिनदहाड़े उठाई गिरी की घटना हो गई। अज्ञात आरोपी ने खड़ी कार का कांच तोड़कर 4.90 लाख रुपए की उठाई गिरी की घटना को अंजाम दिया। जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलगांव पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 303(1), 324(4) के तहत अपराध दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।आसपास के सीसीटीवी कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस को आसपास के लोगों से जानकारी मिली है कि एक युवक कांच को तोड़कर नोटों से भरा बैग लेकर पैदल ही भागा है।

पुलगांव थाना प्रभारी गुरविंदर सिंह संधू ने बताया कि पुलगांव चौक से महाराजा चौक की ओर आ रहे मार्ग पर हीरो होंडा शोरूम के पीछे बालाजी अपार्टमेंट पदमनाभपुर निवासी प्रमोद माहेश्वरी का भूसा पिसाई एवं बारदाना का कारखाना है। अपने कारखाने में काम करने वाले कर्मियों को वेतन बांटने के लिए उन्होंने शुक्रवार को बैंक से रकम निकाली थी। मंगलवार की सुबह लगभग 10:30 बजे वह अपनी स्विफ्ट कार में कंडक्टर सीट पर काले रंग के बैग में 4,90,000 रुपए रखकर कारखाना गए हुए थे। बैग में रकम के साथ बिल बुक व अन्य कागजात भी रखे हुए थे। प्रमोद माहेश्वरी ने कार को उत्सव शोरूम के पास खड़ी कर दिया था और अपने बारदाना वाले कारखाने में गए हुए थे। इसी बीच अज्ञात आरोपी ने ड्राइविंग सीट की ओर के कांच को तोड़कर नोटों से भरे बैग को निकाला और वहां से भाग निकला। कुछ लोगों ने लड़के को पैदल पोटिया की ओर भागते हुए देखा था। घटना के बाद प्रमोद माहेश्वरी को उत्सव शोरूम के प्रबंधक ने इस घटना की जानकारी दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पदमनाभनपुर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। अलग-अलग टीम बनाकर आरोपी की तलाश प्रारंभ कर दी है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।