12 साल से फरार वारंटी को बिहार से दबोच लाई आरपीएफ दुर्ग, कोर्ट में पेश कर भेजा गया जेल

रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) दुर्ग ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए रेल संपत्ति चोरी के 12 वर्ष पुराने मामले में फरार चल रहे स्थायी गिरफ्तारी वारंट (PNBW) के आरोपी को बिहार से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

महानिरीक्षक सह प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे बिलासपुर के निर्देश एवं वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त रायपुर के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे वारंट तामील अभियान के तहत आरपीएफ दुर्ग की विशेष टीम ने यह कार्रवाई की।आरोपी मोहम्मद राजू (36), निवासी ग्राम झिकटिया, थाना महेशखूंट, जिला खगड़िया (बिहार) के खिलाफ वर्ष 2012 से स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी था।

आरपीएफ की टीम ने स्थानीय पुलिस के सहयोग और मुखबिर की सूचना के आधार पर बिहार में दबिश देकर आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार किया।आवश्यक कानूनी प्रक्रिया, मेडिकल परीक्षण और ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के बाद आरोपी को सुरक्षित रायपुर लाया गया। 15 जुलाई 2026 को विशेष रेलवे न्यायालय, रायपुर में पेश किए जाने पर न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेजने के आदेश दिए।

आरपीएफ दुर्ग की इस कार्रवाई को लंबे समय से लंबित वारंटों के प्रभावी निष्पादन और कानून के प्रति प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *