:2011 में कार्यकर्ता के रूप में की थी शुरुआत, प्रदेश उपाध्यक्ष सहित कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं

दुर्ग। राष्ट्रीय छात्र संघ (NSUI) में 15 वर्षों तक सक्रिय संगठनात्मक भूमिका निभाने के बाद कांग्रेस नेता सोनू साहू ने अपने NSUI के सफर का समापन कर दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर भावुक संदेश साझा करते हुए कहा कि यह विदाई नहीं, बल्कि जनसेवा के एक नए अध्याय की शुरुआत है।सोनू साहू ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2011 में NSUI के एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक यात्रा शुरू की थी। इसके बाद वे भारती विश्वविद्यालय दुर्ग में कॉलेज अध्यक्ष, जिला महासचिव, जिला कार्यकारी अध्यक्ष, पूर्व मुख्यमंत्री के पाटन विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी, छत्तीसगढ़ NSUI के प्रदेश उपाध्यक्ष तथा बालोद और कांकेर जिले के प्रभारी जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाते रहे।
उन्होंने कहा कि संगठन में बिताए गए 15 वर्षों ने उन्हें संघर्ष, नेतृत्व, अनुशासन और जनसेवा का वास्तविक अर्थ सिखाया। इस दौरान मिले हर दायित्व ने उन्हें एक बेहतर कार्यकर्ता और जिम्मेदार जनप्रतिनिधि बनने की प्रेरणा दी।सोनू साहू ने NSUI परिवार, कांग्रेस नेतृत्व, वरिष्ठ नेताओं, साथियों और छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठनात्मक जिम्मेदारियों का यह अध्याय भले समाप्त हो गया हो, लेकिन जनता की सेवा और समाज के लिए कार्य करने का उनका संकल्प पहले की तरह निरंतर जारी रहेगा।
